रिज़ल्ट सिर्फ एक पड़ाव है, मंज़िल नहीं, क्योंकि टॉपर्स को दुनिया भूल जाती है, लेकिन हिम्मत करने वालों को नहीं
मध्य प्रदेश में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा के परिणाम घोषित हो चुके हैं। हर साल की तरह इस बार भी कुछ घरों में खुशियों का माहौल है, तो कहीं मायूसी पसरी हुई है। लेकिन इस पूरे परिदृश्य में सबसे जरूरी बात जो अक्सर छूट जाती है, वह यह है कि ये रिज़ल्ट जीवन का अंतिम सच नहीं हैं।
फेल नहीं हुए हैं, बस एक सीढ़ी पर रुके हैं और नंबर भले ही कम हैं, लेकिन आपकी कीमत नहीं
क्योंकि हार रिज़ल्ट से नहीं होती, हार तब होती है जब इंसान कोशिश करना छोड़ देता है
ज़रा ठहरकर सोचिए—पिछले पाँच साल में कौन टॉपर आया था, क्या आपको याद है? कौन फेल हुआ था, क्या किसी को फर्क पड़ता है? समय के साथ ये सब आंकड़े धुंधले हो जाते हैं। जो नहीं मिटता, वह है इंसान का संघर्ष और जीवन में उसकी असली उपलब्धियां।
और ये रिज़ल्ट, ये मार्कशीट—सिर्फ एक कागज़ का टुकड़ा है। हाँ, ये आपको अगली कक्षा या अगले अवसर तक जरूर पहुंचा सकता है, लेकिन ये आपकी क्षमता, आपकी योग्यता या आपका भविष्य तय नहीं करता।
असली परीक्षा तो अभी बाकी है
जीवन हर किसी की परीक्षा लेता है—और वहां कोई बोर्ड नहीं होता, कोई मार्कशीट नहीं होती।
वहां सिर्फ तीन चीजें काम आती हैं—हिम्मत, धैर्य और पुरुषार्थ।
जो आज टॉपर हैं, उन्हें भी जीवन की चुनौतियों से गुजरना होगा। और जो आज पीछे रह गए हैं, उनके पास भी उतना ही मौका है आगे बढ़ने का।
अगर इस बार आप फेल हो गए हैं या उम्मीद से कम नंबर आए हैं, तो यह अंत नहीं है। यह सिर्फ एक सीढ़ी है, जिस पर आप थोड़ा रुक गए हैं। थोड़ा ठहरना, थोड़ा रुकना—ये भी सफर का हिस्सा है। अब फिर से उठिए और आगे बढ़िए।
एमपी बोर्ड ने आपको इसी साल दोबारा मौका दिया है। इसे बोझ मत समझिए, इसे अवसर मानिए। फिर से मेहनत कीजिए, खुद को साबित कीजिए और इस सीढ़ी को पार कर आगे बढ़िए।
माता-पिता की नज़रों में आप ही सबसे बड़े हैं
किसी भी हालत में ऐसा कोई कदम मत उठाइए, जो आपके माता-पिता को जीवन भर का दुख दे जाए।
जब भी मन में हार मानने का विचार आए, एक बार अपने माता-पिता का चेहरा देखिए और खुद से पूछिए—
उनके लिए ज्यादा महत्वपूर्ण क्या है? आप… या ये रिज़ल्ट?
जवाब हमेशा आप ही होंगे।
अगर मन में निराशा घर कर रही है या गलत विचार आ रहे हैं, तो चुप मत रहिए। अपने माता-पिता, दोस्तों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात कीजिए। याद रखिए—यह लड़ाई अकेले लड़ने की नहीं है।
लोग क्या कहेंगे? ये सवाल ही गलत है
लोगों का काम है कहना। आज इस पर कहेंगे, कल किसी और बात पर।
अगर गली में कोई कुत्ता भौंकता है, तो क्या हम उसकी वजह से कुएं में कूद जाते हैं? नहीं।
अरे भाई, हम अपना रास्ता चलते रहते हैं। जैसे हमेशा से चलते आए हैं। तो क्या ये जरा सी मुश्किल हमारे कदमों को थाम देगी। कहने दीजिए लोगों को, क्या फर्क पड़ता है।
और अंत में…
जीवन का सफर आसान नहीं होता—और अगर हो जाए, तो वह सफर भी नहीं होता। इसलिए इन छोटी-छोटी मुश्किलों से घबराइए मत।
आपकी मंज़िल ये सीढ़ियां नहीं हैं… मंज़िल तो वो है, जो आपने अपने लिए तय की है।
अब उठिए… और आगे बढ़िए।
फिर भी मन में कोई गलत विचार आए तो कॉल करें - 7049108080 (इंदौर पुलिस संजीवनी हेल्पलाइन)
आप हमें भी कॉल कर सकते हैं-
9993949000, 9826701434, 7724024025