इंदौर में शराब माफिया पर वार! ज्यादा रेट पर शराब बेचने वालों पर ताबड़तोड़ जुर्माने

इंदौर में आबकारी विभाग ने MRP–MSP तोड़कर शराब बेचने वाली दुकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 दुकानों पर लगभग 13 लाख का जुर्माना लगाया। जिलेभर में कुल 27 प्रकरणों और अन्य उल्लंघनों पर मिलाकर विभाग ने अब तक 1.28 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वसूली की है। कलेक्टर के निर्देश पर नियम विरुद्ध शराब बिक्री पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इंदौर में शराब माफिया पर वार! ज्यादा रेट पर शराब बेचने वालों पर ताबड़तोड़ जुर्माने
File Photo

MRP–MSP के उल्लंघन पर 5 दुकानों पर लाखों का जुर्माना, कुल वसूली 1.28 करोड़ पहुंची

द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, इंदौर।

जिले में तय अधिकतम और न्यूनतम विक्रय मूल्य (MRP–MSP) तोड़कर शराब बेचने वाले दुकानों पर आबकारी विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने कंपोजिट दुकान रामकृष्णबाग, कनाड़िया ग्राम, खजुरिया, बुढ़ानिया और देपालपुर क्र.–2 पर अनियमितता पाई, जिसके बाद सभी दुकानों के लाइसेंसियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए।

सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी ने इन प्रकरणों को कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने 5 दुकानों पर कुल ₹12 लाख 83 हजार 918 का जुर्माना लगाया। इस राशि में किसी भी प्रकार की छूट या समायोजन नहीं दिया जाएगा।

जिले में अन्य अनियमितताओं पर भी कार्रवाई तेज की गई है। आबकारी विभाग ने अब तक 27 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं, जिनमें से 26 मामलों में ₹68 लाख 40 हजार153 का जुर्माना अधिरोपित किया गया है। इसके अलावा नियमों के अन्य उल्लंघनों पर 3627 प्रकरण दर्ज कर लगभग ₹72 लाख की वसूली की गई।

इस प्रकार विभाग द्वारा कुल ₹1 करोड़ 28 लाख का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त किया गया है।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि कलेक्टर के निर्देश पर इंदौर जिले में नियम विरुद्ध शराब बिक्री पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।