इंदौर में अवैध शराब पर वार, फिर 100 पाव मदिरा जब्त, आरोपी गिरफ्तार
इंदौर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की सख्त मुहिम लगातार जारी है। आज बंबई बाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 100 पाव देशी मदिरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं पिछले एक सप्ताह में जिले के 16 अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई कर कुल 17 आरोपियों को पकड़ा गया है। इस दौरान देशी और विदेशी मदिरा की बड़ी खेप तथा दोपहिया वाहन जब्त किए गए, जिनकी कुल बाजार कीमत 12 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। आबकारी विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब के नेटवर्क के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ लगातार जारी है आबकारी विभाग की मुहिम, हर क्षेत्र में टीमें कर रही हैं गश्त
पिछले एक सप्ताह में 16 स्थानों पर धर-पकड़ कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 लाख से अधिक की अवैध शराब जब्त की गई
द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, इंदौर।
जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर इंदौर शिवम वर्मा के आदेश और सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन में 16 दिसंबर को कार्रवाई करते हुए अवैध मदिरा का परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में बंबई बाजार क्षेत्र में गश्त के दौरान दोपहिया वाहन को रोका गया। तलाशी में इलेक्ट्रिक स्कूटी से 100 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। आरोपी सतीश पिता बाबूलाल सोनकर निवासी छावनी को मौके से गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया गया। आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पिछले एक सप्ताह में रोज हुई कार्रवाई
आबकारी विभाग के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में अवैध शराब के खिलाफ रोजाना कार्रवाई की गई है। 8 दिसंबर से 15 दिसंबर 2025 के बीच शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान शराब के अवैध परिवहन, खुलेआम बिक्री और बिना लाइसेंस शराब रखने के मामलों का खुलासा हुआ।
इस अवधि में महू, मालवा मिल, भोई मोहल्ला, बालदा कॉलोनी, बंबई बाजार, पलासिया, छावनी, बिजलपुर, निपानिया और आंतरिक क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान अधिकतर मामलों में शराब की तस्करी दोपहिया वाहनों से की जा रही थी, जिन्हें मौके पर ही जब्त किया गया।
खुलेआम बिक्री और बिना अनुमति पार्टी
एक सप्ताह के दौरान केवल परिवहन ही नहीं, बल्कि खुले में शराब बेचने और बिना लाइसेंस पार्टी के मामले भी सामने आए। पलासिया क्षेत्र में खुलेआम देशी मदिरा बेचते एक आरोपी को पकड़ा गया, जबकि निपानिया क्षेत्र की एक बिल्डिंग में फ्लैट से विदेशी मदिरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
समेकित आंकड़े
आबकारी विभाग के मुताबिक, एक सप्ताह में की गई इन कार्रवाइयों में—
- कुल प्रकरण: 16
- गिरफ्तार आरोपी: 17
- जब्त मदिरा: देशी प्लेन, मसाला, विदेशी व्हिस्की, वोडका और बीयर
- जब्त वाहन: दोपहिया वाहन
- कुल बाजार मूल्य: लगभग ₹12 लाख से अधिक
सभी मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क के तहत कार्रवाई की गई है।
दर्ज किए गए प्रकरणों में
8 दिसंबर को कोदरिया मार्ग पर एक्टिवा से अवैध रूप से ले जाई जा रही देशी मदिरा पकड़ी गई। इसी दिन शहरी क्षेत्र में मछली बाजार इलाके से भी एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया, जिसके पास से देशी और विदेशी मदिरा बरामद हुई।
9 दिसंबर को मालवा मिल और भोई मोहल्ला क्षेत्र में गश्त के दौरान दो अलग-अलग दोपहिया वाहनों से विदेशी बीयर और विदेशी वोडका जब्त की गई। दोनों मामलों में आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
10 दिसंबर को बंबई बाजार क्षेत्र में जुपिटर स्कूटी की तलाशी में बीयर कैन और विदेशी मदिरा मिली। आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया गया।
11 दिसंबर को आबकारी विभाग ने सबसे ज्यादा कार्रवाई की। मालवा मिल, बालदा कॉलोनी और पलासिया क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में विदेशी व्हिस्की, बीयर कैन और बोतलें पकड़ी गईं। इसी दिन पलासिया के विनोबा नगर श्मशान के पास खुलेआम देशी मदिरा बेचते हुए एक आरोपी को पकड़ा गया। सभी मामलों में मौके से गिरफ्तारी हुई।
12 दिसंबर को मालवा मिल चौराहा और नेमावर रोड क्षेत्र में दोपहिया वाहनों से देशी और विदेशी मदिरा जब्त की गई। इसी दिन निपानिया क्षेत्र की एक बिल्डिंग में बिना लाइसेंस पार्टी का खुलासा हुआ, जहां फ्लैट से विदेशी मदिरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
14 दिसंबर को बिजलपुर और छावनी क्षेत्र में कार्रवाई हुई। बिजलपुर में एक्टिवा से देशी मदिरा और बीयर कैन पकड़े गए, वहीं छावनी क्षेत्र में एक स्कूटी से 100 पाव देशी मदिरा जब्त की गई, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
15 दिसंबर को लालाराम नगर में कार्रवाई की गई। लालाराम नगर में 75 पाव देशी मदिरा मसाला पकड़ी गई, मदिरा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
इन अधिकारियों और टीमों की रही प्रमुख भूमिका
अभियान की मॉनिटरिंग कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी और डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल द्वारा की गई। मैदानी स्तर पर विभिन्न वृत्तों में सहायक जिला आबकारी अधिकारी अशोक खत्री, पवन टिकेकर, सी.के. साहू, धर्मेंद्र जोशी, जहांगीर खान, राघवेंद्र सिंह कुशवाह, कमलेश सोलंकी सहित कई अधिकारियों ने टीमों का नेतृत्व किया।
कार्रवाई को अंजाम देने में उप निरीक्षक सुनील कुमार मालवीय, मीरा सिंह, प्रियंका रानी चौरसिया, जया मुजाल्दे, आशीष जैन, आशीष कुमार जैन तथा उनके साथ तैनात आबकारी आरक्षक और ड्राइवर स्टाफ का भी सक्रिय योगदान रहा। लगातार गश्त, त्वरित कार्रवाई और समन्वय के कारण अवैध शराब के मामलों में प्रभावी सफलता मिली।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
आबकारी विभाग के सहायक आयुक्त अभिषेक तिवारी ने साफ कहा है कि अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और भंडारण पर सख्ती आगे भी जारी रहेगी। आने वाले दिनों में गश्त और जांच और तेज की जाएगी, ताकि अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।