हेलमेट नहीं तो 1000 का चालान… लेकिन गड्ढों में जान जाए तो जिम्मेदार कौन?”
इंदौर में जुर्माने बनाम जवाबदेही पर बड़ा सवाल
द एक्सपोज़ लाइव न्यूज़ नेटवर्क इंदौर (नीरज द्विवेदी ९९९३९४९००० )
इंदौर (मध्य प्रदेश) देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में इन दिनों ट्रैफिक नियमों को लेकर सख्ती चरम पर है। सोशल मीडिया पर वायरल एक संदेश ने शहर में नई बहस छेड़ दी है,क्या सिर्फ जनता ही नियमों के बोझ तले दबेगी, या प्रशासन भी अपनी जिम्मेदारी निभाएगा?
सख्त जुर्मानों की लिस्ट
स्थानीय प्रशासन की सख्ती के तहत नियम तोड़ने पर भारी-भरकम जुर्माने तय हैं
बिना हेलमेट: ₹1000
नो पार्किंग: ₹3000
बीमा नहीं: ₹1000
शराब पीकर ड्राइविंग: ₹10000
नो एंट्री: ₹5000
मोबाइल पर बात: ₹2000
PUC नहीं: ₹1100
ट्रिपल सीट: ₹2000
नियमों का पालन करवाने के लिए यह कदम सड़क सुरक्षा के लिहाज से जरूरी माना जा रहा है। लेकिन यहीं से उठता है बड़ा सवाल…
“जुर्माना सिर्फ जनता पर, सिस्टम पर नहीं?”
वायरल मैसेज में प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा हमला किया गया है
खराब ट्रैफिक सिग्नल - कोई जवाबदेही नहीं
पार्किंग की कमी - कोई जिम्मेदार नहीं
सड़कों पर गड्ढे - कोई जिम्मेदार नहीं
अतिक्रमित फुटपाथ - कोई कार्रवाई नहीं
स्ट्रीट लाइट बंद -जिम्मेदार कौन?
खुले मेनहोल, महीनों से खुदी सड़क - कोई सुनवाई नहीं
आवारा पशु और हादसे - कोई जिम्मेदारी नहीं
नलों में ड्रेनज का पानी -कोई ज़िम्मेदारी नहीं
रिहायशी इलाकों में अवैध हॉस्टल,कैफ़े और होटल ,सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग ,नक़्शे के विपरीत निर्माण ,कार्यवाही तो ठीक उल्टा संरक्षण
जनता में बढ़ता आक्रोश
शहरवासियों का कहना है कि जब सुविधाएं ही अधूरी हैं, तो केवल चालान के जरिए व्यवस्था थोपना “एकतरफा कानून” जैसा लगता है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या नगर निगम और प्रशासन पर भी उतनी ही सख्ती लागू होती है जितनी आम नागरिक पर?
संतुलन की जरूरत
विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियम और जुर्माने जरूरी हैं, लेकिन इन्फ्रास्ट्रक्चर, मेंटेनेंस और जवाबदेही भी उतनी ही अहम है। जब तक सिग्नल दुरुस्त, सड़कें सुरक्षित और पार्किंग व्यवस्थित नहीं होंगी, शहर में रिहायशी इलाकों में व्यायसायिक गतिविधियां नहीं रुकेंगी तब तक यह बहस थमती नजर नहीं आती। अब सवाल यह हे क्या इंदौर में “फाइन का डर” ही व्यवस्था सुधार का रास्ता बनेगा, या प्रशासन भी अपनी जिम्मेदारियों पर उतनी ही सख्ती दिखाएगा?
(यह वायरल संदेश जनभावनाओं को दर्शाता है, वास्तविक स्थिति की जांच और प्रशासनिक पक्ष आना अभी बाकी है।)