मोदी यात्रा की व्यवस्था में चूक, उज्जैन निगम कमिश्नर को हटाया

पीएम नरेंद्र मोदी की यात्रा से पहले उज्जैन के निगम कमिश्नर को हटा दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उज्जैन दौरे से पहले व्यवस्थाओं में चूक के कारण नगर निगम कमिश्नर अंशुल  गुप्ता को हटाया गया है। उनकी जगह संदीप सोनी को निगम कमिश्नर का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।

मोदी यात्रा की व्यवस्था में चूक, उज्जैन निगम कमिश्नर को हटाया
Anshul Gupta - Sandip Soni

उज्जैन विकास प्राधिकरण सीईओ संदीप सोनी को मिला निगम कमिश्नर का भी चार्ज

द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, उज्जैन। Ujjain News.

उज्जैन नगर निगम कमिश्रनर अंशुल गुप्ता को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए उपसचिव बनाकर भोपाल भेज दिया गया। इससे पहले सरकार ने महाकाल समिति के प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ को लापरवाही और मनमानी के कारण हटाया गया था।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करने वाले हैं। लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियां की समीक्षा मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान खुद कर रहे हैं, ताकि व्यवस्था में कहीं कोई चूक न हो। आयोजन से पहले उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री चौहान ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की, तो वे दुरुस्त नहीं पाई गई। इस कारण नगर निगम कमिश्नर अंशुल गुप्ता को हटा दिया।

भूपेंद्र सिंह भी थे नाराज

बता दें कि सामान्य प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने भी बुधवार को उज्जैन और महाकाल लोक में साफ-सफाई को लेकर समीक्षा बैठक की थी। इसमें काम में लेटलतीफी को लेकर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही हाल ही में आए स्वच्छता सर्वेक्षण में भी उज्जैन नगर निगम की स्वच्छता रैंकिंग 10 से गिरकर 17वें स्थान पर आ गई। इसे लेकर भी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की थी।

काफी शिकायतें थीं गुप्ता की

बता दें कि नगर निगम कमिश्नर अंशुल गुप्ता की मनमानी की काफी शिकायतें आ रही थीं। निगम  कमिश्नर अधिकारियों की मनमर्जी पोस्टिंग कर रहे थे। सीनियर अधिकारी का डिमोशन करना और अपने ही कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार करने की भी शिकायतें थी। महाकाल मंदिर समिति के अध्यक्ष को लेकर नगर निगम कमिश्नर अंशुल गुप्ता विवादों में रहे। वहीं ठेकेदारों के बिल पेंडिंग होने की भी शिकायतें भी थीं।

मंदिर प्रशासक भी हटाए जा चुके हैं

इसके पहले महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ को भी हटाया जा चुका है। उनके स्थान पर भी संदीप कुमार सोनी को प्रशासक बनाया गया था। धाकड़ पिछले लंबे समय से विवादों में घिरे थे। उनके खिलाफ कलेक्टर आशीष सिंह ने भी कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। महाकालेश्वर मंदिर में चाहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर हुआ विवाद हो या अभिनेता रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के मंदिर में प्रवेश को लेकर उठा विवाद, धाकड़ की स्थिति पर सवाल खड़े होते रहे।