टी. इलैया राजा इंदौर के नए कलेक्टर

इंदौर के कलेक्टर मनीष सिंह का तबादला कर दिया गया। उनकी जगह जबलपुर के कलेक्टर टी. इलैया राजा अब इंदौर के कलेक्टर होंगे। राज्य शासन ने सोमवार को आईएएस अफसरों की लंबी लिस्ट जारी की, जिसमें कई कलेक्टरों को इधऱ से उधर किया गया है।

टी. इलैया राजा इंदौर के नए कलेक्टर
T. Illeya Raja- Manish Singh

मनीष सिंह को भेजा भोपाल, मिला एकेवीएन और मेट्रो रेल प्रोजेक्ट

मध्यप्रदेश शासन ने देवास सहित कई कलेक्टरों को किया इधऱ से उधर

द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, इंदौर। Indore News.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 27 आईएएस अफसरों का तबादला किया, जिसमें सबसे चर्चित इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह का ही नाम रहा। मनीष सिंह को कोरोना की पहली लहर की शुरुआत में इंदौर कलेक्टर बनाकर भेजा गया था। तकरीबन तीन साल इंदौर में धुआंधार कलेक्टरी करने के बाद उन्हें एमडी एकेवीएन और मेट्रो रेल प्रोजेक्ट का एमडी बनाया गया है।

मनीष सिंह ने मंगलवार को ही भोपाल में नई पदस्थापना संभाल ली और सीएम चौहान के साथ ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट की बैठक में भी हिस्सा लिया। बता दें मनीष सिंह की जगह जबलपुर के कलेक्टर टी. इलैया राजा को भेजा गया है। इलैया राजा भी अपने चुस्त प्रशासनिक कार्यों और त्वरित निर्णय के लिए जाने जाते हैं। राज्य शासन के आदेशानुसार वे भी एक-दो दिन में इंदौर कलेक्टर का चार्ज ले लेंगे।

27 अफसर हटाए गए

शिवराज सिंह चौहान ने 27 आईएएस अफसरों का तबादला किया। इसमें दूसरा चर्चित नाम है देवास कलेक्टर चंद्रमौलि शुक्ल का। वे भी बेहतर कार्यशैली और चुस्त रणनीति के लिए जाने जाते हैं। चंद्रमौलि शुक्ल को भी देवास से हटाकर महती जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें हाउसिंग बोर्ड के कमिश्नर और एविएशन कमिश्नर का चार्ज मिला है। इनके अलावा इंदौर नगर निगम की अपर आयुक्त भव्या मित्तल को बुरहानपुर कलेक्टर का चार्ज मिला है।

इन कलेक्टरों का हुआ तबादला

लिस्ट में मनीष सिंह और इलैया राजा के साथ चंद्रमौलि शुक्ला (देवास), सौरव कुमार सुमन (छिंदवाड़ा), संजीव श्रीवास्तव (उमरिया), मुजीबुर्रहमान खानी (सीधी), पंकज जैन (धार), चंद्रमोहन ठाकुर (सीहोर), रोहित सिंह (नरसिंहपुर), प्रवीण सिंह अढायच (बुरहानपुर), राजीव रंजन मीना (सिंगरौली), बक्की कार्तिकेयन (मुरैना), अवधेश शर्मा (आगर-मालवा), प्रियंक मिश्रा (कटनी) के नाम हैं।

पूरी लिस्ट यहां देखें-

https://www.mpinfo.org/mpinfostatic/hindi/Other-Important/Order_07Nov2022.pdf