बड़नगर विधायक के पुत्र करण पर अब धोखाधड़ी का भी केस

बड़नगर विधायक मुरली मोरवाल के पुत्र करण के खिलाफ इंदौर के एमजी रोड थाने पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। विधायक पुत्र ने करीब एक साल पहले कांग्रेस नेत्री के साथ दुष्कर्म किया था। युवती की शिकायत पर उसके खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था।

बड़नगर विधायक के पुत्र करण पर अब धोखाधड़ी का भी केस
Karan Morwal

जिस युवती ने दर्ज करवाया था दुष्कर्म का केस, उसी की शिकायत पर एक और एफआईआर

करीब एक साल पहले विधायक पुत्र ने होटल ले जाकर कांग्रेस नेत्री के साथ किया था दुष्कर्म

द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, इंदौर। Indore News.

विधायक पुत्र करन मोरवाल पर कांग्रेस नेत्री ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज करवाया था। युवती को अत्यधिक प्रलोभन एवं कई प्रकार से दी गई धमकियों एवं दबाव के बावजूद भी किसी भी प्रकार से राज़ीनामे से मना कर दिया। इसके बाद करण ने न्यायालय को गुमराह कर अग्रिम ज़मानत लेने के उद्देश्य से बड़नगर सरकारी अस्पताल का एक फ़र्ज़ी दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत किया था कि घटना दिनांक को वह बड़नगर सरकारी अस्पताल में भरती था।

करन ने उक्त दस्तावेज उच्च न्यायालय एवं सुप्रीम कोर्ट में भी प्रस्तुत किया, जबकि इंदौर महिला थाना द्वारा ज़ब्त घटना दिनांक के सीसीटीवी फ़ुटेज करन स्पष्ट रूप से पीड़िता को नशे की हालत में जबर्दस्ती खींचता हुआ फ़्लैट पर ले जाता हुआ दिख रहा है। इस पर उज्जैन कलेक्टर ने एसडीएम नियुक्त कर जाँच करवाई तो पाया कि डॉ. देवेन्द्र स्वामी, प्रभारी मेडिकल ऑफ़िसर शासकीय चिकित्सालय बड़नगर ने फ़र्ज़ी तरीक़े से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर दबाव बनाकर भर्ती रजिस्टर में अन्य मरीज के स्थान पर 13 फरवरी 2021 को भर्ती रजिस्टर सीरियल क्रमांक 144/35 पर ओवर राइटिंग कर करन का नाम दर्ज किया था। इस पर डॉ. देवेन्द्र स्वामी को निलंबित कर दिया गया था।

युवती ने मांग की थी प्रकरण दर्ज करने की

फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमानत लेने के मामले में प्रकरण दर्ज किये जाने की माँग को लेकर पीड़ित युवती बार बार इंदौर-उज्जेन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से निवेदन कर रही थी। अब जाकर एमजी रोड थाने पर करन पिता मुरली मोरवाल एवं डॉ. देवेन्द्र स्वामी पर धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है।

यह है पूरा मामला

कांग्रेस कार्यालय में काम करने वाली 23 साल की लड़की ने विधायक के बेटे पर 2 अप्रैल 2021 को दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया था। युवती का आरोप था कि 14 फरवरी 2021 को करण उसे होटल में ले गया था। वहां उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया। इसके बाद उसे फ्लैट पर ले गया और दुष्कर्म किया। गिरफ्तार होने के बाद करण मोरवाल ने बताया था कि वह 13 से 15 फरवरी तक बड़नगर के सिविल अस्पताल में भर्ती था। इसी आधार पर उसे जमानत मिल गई थी।