इंदौर बनेगा देश का स्टार्टअप कैपिटल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्टार्टअप के लिये प्रदेश में अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जायेगा। स्टार्टअप के लिये वित्तीय मदद तथा अन्य सुविधाएं मुहैया करायी जायेंगी। इंदौर को देश की स्टार्टअप केपिटल बनाया जायेगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे आगे आकर अधिक से अधिक स्टार्टअप प्रारंभ करें। राज्य शासन उन्हें पूरी मदद करेगा।

इंदौर बनेगा देश का स्टार्टअप कैपिटल
indore startup conclave

इंदौर में ग्लोबल स्टार्टअप समिट का भी होगा आयोजन

सरकार स्टार्टअप्स को देगी आर्थिक मदद, बनेगा वेंचर फंड

द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, इंदौर। Indore News.

मुख्यमंत्री चौहान आज इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में युवा स्टार्टअप उद्यमियों द्वारा आयोजित स्टार्ट इन इंदौर कॉन्क्लेव कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, डॉ. निशांत खरे, कलेक्टर मनीष सिंह, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में युवा स्टार्टअप उद्यमी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं में कार्य करने की असीम क्षमता है। दुनिया में असंभव कुछ भी नहीं है। मनुष्य चाहे तो ब्रम्हाण्ड में भी कमाण्ड कर सकते हैं। जो वह सोच सकते हैं, वह सब कर भी सकते हैं। करो ऐसा कि दुनिया उसे देखती रह जाये और याद करे। मन में कुछ करने की तलब पैदा की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप की सफलता भी इन्हीं बातों पर निर्भर है।

वेंचर फंड की स्थापना होगी

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि इंदौर को स्टार्टअप ऑफ कैपिटल बनाया जाएगा। नये उद्योगों के लिये अलग-अलग क्षेत्रों में नवीन इंडस्ट्रीयल एरिया विकसित किये जा रहे हैं। सभी स्टार्टअप आगे बढ़े, यह राज्य शासन की मंशा है। इसके लिए राज्य शासन द्वारा पूरी मदद दी जाएगी। आज के कार्यक्रम के माध्यम से आए सुझावों को मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप को मदद करने के लिए वेंचर फंड की स्थापना की जाएगी। इस संबंध में कारगर योजना बनाई जाएगी। इंदौर को आईटी हब बनाने की दिशा में भी तेजी से कार्य होंगे। उद्यमियों को जमीन, वित्तीय सुविधा आदि मुहैया कराने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। स्टार्टअप को वित्तीय मदद देने के लिए मॉडल विकसित किया जाएगा। ग्लोबल स्टार्टअप इन्वेस्टर्स  समिट का आयोजन भी होगा।

300 स्टार्टअप्स का फोरम

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा को मूर्तरूप देने का कार्य शुरू हो गया है। इंदौर में 300 स्टार्टअप उद्यमियों का फोरम बनाया गया है। इस फोरम का यह पहला कार्यक्रम है। जल्दी एक और महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि इंदौर में 24 घंटे कार्य करने की संस्कृति एवं वातावरण को विकसित किए जाने की जरूरत है। एक आईटी का बड़ा पार्क भी होना चाहिए।

250 स्टार्टअप हुए शामिल

डॉ. निशांत खरे ने बताया कि आज के सम्मेलन में लगभग 250 स्टार्टअप्स शामिल हुए हैं। यह बड़ी उपलब्धि है। स्टार्टअप नीति बनाने के संबंध में सुझाव लिए जा रहे हैं। कार्यक्रम में अनेक स्टार्टअप उद्यमियों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर के स्वच्छता अभियान से संबंधित स्वच्छता गीत का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्टार्ट इन इंदौर फोरम के ऑर्गनाइजर चेयरमेन रजत जैन ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं इसके उद्देश्य के बारे में जानकारी दी।