इंदौर कृषि महाविद्यालय को विश्वविद्यालय बनाने की मांग 

कृषि के सभी विषयों की तकनीकी जानकारी किसानों को एक ही छत के नीचे मिलना चाहिए, अन्यथा वह अपनी विभिन्न समस्याओं के लिए एक महाविद्यालय से दूसरे महाविद्यालय भटकते रहेंगे। इसलिए इंदौर कृषि महाविद्यालय को केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाना चाहिए, जिससे निमाड़ और मालवा को कृषि क्षेत्र में आगे बढ़ाने हेतु प्रोत्साहन मिलेगा।

इंदौर कृषि महाविद्यालय को विश्वविद्यालय बनाने की मांग 

भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कृषि क्षेत्र में कुशल युवाओं की कमी पूरा करने के लिए जरूरी है इंदौर में कृषि विश्वविद्यालय

द एक्सपोज़ लाइव न्यूज़ नेटवर्क, इंदौर।

किसान संघ ने इस मांग को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन कलेक्टर इंदौर को दिया। किसान संघ ने कहा युवाओं को राष्ट्र विकास की मुख्यधारा में लाने की दृष्टि से प्रधानमंत्री अथक प्रयास रहे हैं। केंद्र द्वारा स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड अप इंडिया एवं कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को प्रेरित भी किया जा रहा है। 

कृषि महाविद्यालय इंदौर प्रदेश में ही नहीं पूरे देश में एक विशेष स्थान रखता है। अब तक की उपलब्धियों को देखते हुए प्रगतिशील एवं शैक्षणिक क्षेत्र में अग्रणी शहर इंदौर को इस हेतु चुना जाना मध्यप्रदेश की कृषि स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा क्योंकि किसान कृषि, उद्यानिकी, जैविक एवं पशुपालन आदि सभी को शामिल कर सम्मिलित खेती करता है।

आधुनिक कृषि की शिक्षा जरूरी

कृषि क्षेत्र में कुशल युवाओं की भारी कमी है, कृषि का परिदृश्य बदल रहा है और प्रदेश कृषि क्षेत्र में सतत विकास कर रहा है। लगातार चार बार कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित होना एक बड़ी बात है। इसको और अधिक गति देने के लिए युवा कृषकों को आधुनिक कृषि की ओर आकर्षित करने एवं आधुनिक तकनीक,  कौशल एवं संयुक्त कृषि अपनाने की आवश्यकता है।

64 साल पहले हुई थी स्थापना

कृषि विद्यालय इंदौर की स्थापना 1959 में हुई। तब से इस विद्यालय में कृषि में विशेषतः कपास, ज्वार, चना, मूंग, उड़द, कुसुम, शुष्क खेती, वसल पद्धति, लावणी एवं क्षारीय मृदा आदि क्षेत्रों में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं।

इन्होंने दिया ज्ञापन

ज्ञापन देने भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह राठौड़, धर्मेंद्र चौधरी, वेदराज जमीदार, महानगर अध्यक्ष दिलीप मुकाती के साथ कृषि महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र मौजूद रहे।