एलन मस्क के नाम की आड़ में देशव्यापी 'डिजिटल डकैती'! SpaceX 6G के फर्जी जाल में फंसाकर खाली कर रहे बैंक खाते
फ्री 6G का लालच… और फोन बन गया हैकर्स का निशाना! SpaceX 6G India Promotion Test के नाम पर साइबर ठगी का कथित फर्जी जाल सामने आया है। एक मैसेंजर मैसेज, शॉर्ट लिंक और APK के जरिए फोन का कंट्रोल हासिल करने, OTP, UPI और बैंकिंग डिटेल चुराने की कोशिश की जा रही है। आखिर इस फर्जी SpaceX 6G के पीछे क्या खेल है और एक APK डाउनलोड करने के बाद फोन में क्या हो सकता है? जानिए इस डिजिटल जाल का पूरा सच और खुद को बचाने के जरूरी तरीके।
SpaceX 6G के फर्जी प्रमोशन टेस्ट के जाल में फंसाकर साइबर ठग फोन का कंट्रोल ले रहे, OTP और बैंकिंग डिटेल चुराकर खाली कर रहे खाते
क्राइम & टेक इन्वेस्टिगेशन टीम | नई दिल्ली
देश में हाई-स्पीड इंटरनेट के क्रेज के बीच साइबर माफिया ने सबसे खतरनाक डिजिटल स्ट्राइक की है। दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क की कंपनी SpaceX और सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस Starlink के नाम पर भारत में एक सुनियोजित साइबर सिंडिकेट सक्रिय हो गया है।
'एक्सपोज लाइव' की पड़ताल में खुलासा हुआ है कि "SpaceX 6G India Promotion Test" के नाम से चल रहा यह खेल कोई तकनीकी ट्रायल नहीं, बल्कि स्मार्टफोन में एक अदृश्य 'डिजिटल डाकू' (ट्रोजन वायरस) घुसाकर बैंक खाते खाली करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश है।
मोड्स ऑपरेंडी: 5 स्टेप्स में फोन का पूरा कंट्रोल ले रहे हैं हैकर्स
इन्वेस्टिगेशन में सामने आया है कि साइबर ठग सोशल मीडिया यूजर्स को फांसने के लिए एक सुनियोजित 'साइकोलॉजिकल ट्रैप' बिछा रहे हैं:
स्टेप 1: शिकार की पहचान
फेसबुक पर आधिकारिक SpaceX और Starlink के लोगो व एलन मस्क की तस्वीरों वाली फर्जी प्रोफाइल्स बनाई जाती हैं। टेक और गैजेट्स पेजों पर एक्टिव यूजर्स को सीधा टारगेट किया जाता है।
जैसे India Internet, Global Internet और इसी तरह की कई फेक प्रोफाइल्स फेसबुक पर सक्रिय हैं।
स्टेप 2: इनबॉक्स स्ट्राइक
यूजर के फेसबुक मैसेंजर पर सीधे बधाई संदेश भेजा जाता है—
"Congratulations! You have been selected for the SpaceX 6G India promotion test."
स्टेप 3: मुफ्त का चारा
यूजर को फांसने के लिए 3 महीने का अनलिमिटेड फ्री इंटरनेट और पूरे भारत में कनेक्टिविटी का फर्जी दावा किया जाता है।
स्टेप 4: शॉर्टनर लिंक का खेल
'Android' यूजर चुनते ही एक संदिग्ध शॉर्ट लिंक (जैसे lihi1.me/...) भेजा जाता है, जो एंटी-वायरस और सुरक्षा एजेंसियों की रडार से बचने के लिए रीडायरेक्शन टूल के तौर पर काम करता है।
स्टेप 5: क्लोन प्ले स्टोर
लिंक खोलते ही सामने गूगल प्ले स्टोर जैसा हूबहू दिखने वाला फर्जी पेज खुलता है, जहां स्टारलिंक का लोगो और 'Install' बटन देकर यूजर को झांसे में ले लिया जाता है।
जबकि प्ले स्टोर पर इस तरह का कोई एप है ही नहींं। वहां इस तरह के मिलते-जुलते नाम से कुछ एप खुलेंगे, लेकिन वो जानकारी देने वाले या इंटरनेट की स्पीड चेक करने वाले हैं।

फोन में घुसते ही तबाही मचाता है 'SpaceX 6G Plus.apk'
डाउनलोड होते ही यह ऐप सामान्य यूजर से "Automatic Network Setup" के नाम पर 'Accessibility' और 'SMS' की अनुमतियां मांगता है। अनुमति मिलते ही फोन पूरी तरह हैकर्स के कब्जे में चला जाता है:
SMS स्निफिंग से OTP चोरी
यह ट्रोजन इनबॉक्स का सीधा एक्सेस ले लेता है। बैंक से आने वाला OTP यूजर के स्क्रीन पर दिखने से पहले ही हैकर्स के विदेशी सर्वर पर फॉरवर्ड हो जाता है।
बैंकिंग ओवरले अटैक
यूजर जैसे ही SBI, HDFC, PhonePe या Google Pay खोलता है, स्क्रीन पर तुरंत एक क्लोन लॉगिन पेज आ जाता है। यूजर का पासवर्ड और UPI पिन सीधे जालसाजों के पास दर्ज हो जाता है।
रिमोट कंट्रोल
अपराधी 'एक्टिवेशन' के बहाने स्क्रीनशॉट मांगते हैं ताकि वे कन्फर्म कर सकें कि बैकग्राउंड में 'Accessibility Services' एक्टिवेट हुई या नहीं। इसके बाद बिना फोन छुए ट्रांजैक्शन कर लिए जाते हैं।
बड़ा फैक्ट-चेक: क्या है असली हकीकत?
सोशल मीडिया पर कोई टेस्टिंग नहीं
स्पेसएक्स या स्टारलिंक जैसी ग्लोबल कंपनियां कभी भी फेसबुक मैसेंजर या अज्ञात शॉर्ट लिंक पर ट्रायल नहीं बांटतीं। बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट (starlink.com) से ही संभव है।
6G का दावा पूरी तरह फर्जी
भारत में अभी 5G का विस्तार जारी है; देश में स्टारलिंक की कमर्शियल सेवाएं अभी नियामक और सुरक्षा मंजूरियों के दौर में हैं। 6G मोबाइल टेस्टिंग का दावा 100% मनगढ़ंत है।
थर्ड पार्टी APK का मतलब खतरा
गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से बाहर ब्राउज़र से डाउनलोड की गई फाइलें सीधे साइबर अपराधियों को डिवाइस की मास्टर-की सौंपने के बराबर हैं।

इमरजेंसी एडवाइजरी: जाल में फंस गए हैं तो तुरंत करें ये 4 काम
1. फ्लाइट मोड ऑन करें
मोबाइल डेटा और वाई-फाई तत्काल बंद करें ताकि बैकग्राउंड से सर्वर पर डेटा ट्रांसफर रुक जाए।
2. संदिग्ध ऐप डिलीट करें
Settings > Apps में जाकर 'SpaceX 6G' या बिना नाम/आइकन वाले ऐप को 'Force Stop' कर तुरंत Uninstall करें।
3. क्रेडेंशियल्स बदलें
किसी अन्य सुरक्षित डिवाइस का इस्तेमाल कर नेट बैंकिंग, यूपीआई और ईमेल के पासवर्ड तुरंत रीसेट करें।
4. फैक्ट्री रिसेट — अंतिम उपाय
फोन के जरूरी डेटा का बैकअप लेकर डिवाइस को पूरी तरह 'Factory Data Reset' कर दें ताकि डीप-रूटेड ट्रोजन पूरी तरह खत्म हो सके।
अगर आपके साथ वित्तीय धोखाधड़ी हुई है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
EXPOSE LIVE TECH CHECK:
क्या है तथाकथित 'SpaceX 6G' का सच? अस्तित्व में ही नहीं है 'SpaceX 6G'
तकनीकी और आधिकारिक दुनिया में 'SpaceX 6G' नाम की कोई सेवा या तकनीक मौजूद ही नहीं है। दुनिया में अभी 6G नेटवर्क पूरी तरह रिसर्च और डेवलपमेंट के शुरुआती चरण में है, जिसे कॉमर्शियली लॉन्च होने में कई साल बाकी हैं।
स्टारलिंक सिर्फ सैटेलाइट ब्रॉडबैंड है
एलन मस्क की कंपनी SpaceX मुख्य रूप से रॉकेट बनाती है और इसकी सहायक इकाई Starlink लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट्स के जरिए इंटरनेट देती है। यह कोई मोबाइल टेलीकॉम ऑपरेटर (जैसे Jio या Airtel) नहीं है जो सीधे 6G सिम कार्ड या मोबाइल नेटवर्क ऑफर करे।
मनोवैज्ञानिक जाल
ठगों ने आम लोगों के बीच 6G के कौतूहल और एलन मस्क के बड़े नाम को मिलाकर 'SpaceX 6G' नाम का यह फर्जी ब्रांड गढ़ा है, ताकि लोग बिना सोचे-समझे फ्री ट्रायल के झांसे में आकर मैलवेयर डाउनलोड कर लें।


