खजराना में गूंजेगा भक्ति और संगीत का संगम
9,530वें संगीतमय सुंदरकांड पाठ से सजेगा गणपति मंदिर परिसर
द एक्सपोज़ लाइव न्यूज़ नेटवर्क इंदौर।
शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को एक नई ऊँचाई देने जा रहा है खजराना स्थित श्री गणपति मंदिर परिसर, जहाँ 08 फरवरी 2026, रविवार को संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्रद्धा, साधना और संगीत के त्रिवेणी संगम के रूप में शहरवासियों के लिए एक विशेष आध्यात्मिक अनुभव बनने जा रहा है।
इस दुर्लभ अवसर पर परम पूज्य गुरुजी श्री अरविंद कुमार जी पाठक द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गुरुजी पिछले 9,370 दिनों से निरंतर सुंदरकांड पाठ कर रहे हैं और अब तक लगभग 9,530 सुंदरकांड पाठ संपन्न कर प्रभु श्रीराम एवं श्रीहनुमान जी के प्रति अपनी अटूट भक्ति को जीवंत स्वरूप प्रदान कर चुके हैं। यह सतत साधना उन्हें देशभर में विशिष्ट पहचान दिलाती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे पाठ प्रारंभ के साथ होगा। वादन-वाद्य, सधे हुए राग, लयबद्ध चौपाइयाँ और भावपूर्ण स्वरों के बीच जब सुंदरकांड का पाठ गूंजेगा, तब पूरा परिसर भक्तिरस में डूब जाएगा। संगीत के साथ प्रस्तुत चौपाइयाँ श्रोताओं को मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक आनंद की अनुभूति कराएंगी।
इस भव्य आयोजन के आयोजक हैं खेड़ा पति श्री हनुमान जी महाराज एवं श्री गणेश जी महाराज, खजराना, जिनकी कृपा से यह धार्मिक आयोजन निरंतर भव्य स्वरूप लेता जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मध्यप्रदेश पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन, मध्यप्रदेश जिम ओनर्स एसोसिएशन, श्रीराम स्पोर्ट्स ग्रुप, शालिग्राम व्यायामशाला तथा खजराना लड्डू व्यापारी एसोसिएशन का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।
आयोजकों ने शहर के समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सपरिवार इस संगीतमय सुंदरकांड पाठ में उपस्थित होकर पुण्यलाभ अर्जित करें।