मोदी ने किया ऐलान, गांधी-पटेल-अंबेडकर जयंती की तरह हर साल मनेगा जनजातीय गौरव दिवस

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज जंबूरी मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर जनजातीय कल्याण की विभिन्न योजनाओं की शुरूआत की। उन्होंने "राशन आपके ग्राम" योजना का शुभारंभ करते हुए डिंडोरी के अनिल तथा मंडला के लक्ष्मीनारायण को राशन वाहनों की चाबी सौंपी।

मोदी ने किया ऐलान, गांधी-पटेल-अंबेडकर जयंती की तरह हर साल मनेगा जनजातीय गौरव दिवस
pm modi janjatiya gaurav diwas1

बोले पीएम मोदी- आजादी के बाद आज सही मायने में भारत मना रहा है पहला जनजातीय गौरव दिवस

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भोपाल के जंबूरी मैदान में पीएम नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक सभा

द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, भोपाल। Bhopal News.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आज भारत सही मायने में अपना प्रथम जनजातीय गौरव दिवस मना रहा है। आजादी के बाद देश में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर जनजातीय कला, संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को गौरव एवं सम्मान प्रदान करने के लिये मध्यप्रदेश सरकार द्वारा यह आयोजन किया जा रहा है। इसके लिये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बधाई के पात्र हैं।

भारत सरकार ने भी फैसला किया है कि 15 नवम्बर को पूरे देश में हर वर्ष गांधी-पटेल-अंबेडकर जयंती की तरह ही वृहद पैमाने पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जायेगा तथा जनजातीय समाज के योगदान को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। आज शिवराज सरकार जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिये कई योजनाओं की शुरूआत कर रही है। यह अत्यंत हर्ष काविषय है।

कई योजनाओं की शुरुआत

  • प्रधानमंत्री मोदी के सम्मुख राशन आपके ग्राम योजना, मध्यप्रदेश सिकलसेल मिशन और प्रदेश में टीकाकरण उपलब्धि तथा शत शत प्रतिशत कोविड-19 करो उपलब्धि वाले जनजातीय बहुल ग्राम नरसिंहरूंडा जिला झाबुआ पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
  • मोदी ने 50 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का वर्चुअल भूमि पूजन किया। रतलाम जिले के बाजना में बने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का लोकार्पण भी किया।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने सिकल सेल रोग उन्मूलन मिशन का शुभारंभ करते हुए झाबुआ की हशीला, अलीराजपुर की सीना डुडवे तथा झाबुआ के मनीष सिंह सिकरवार को जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड प्रदान किये।
  • राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने विशेष पिछड़े जनजातीय क्षेत्रों के लिये नियुक्त माध्यमिक शिक्षकों विवेक कुमार भारिया तथा पिंकी सहरिया को नियुक्ति-पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविशंकर भीमसेनी भारिया को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया।
  • रांची में भगवान बिरसा मुंडा के संग्रहालय का वर्चुअल लोकार्पण किया मोदी ने राष्ट्रवासियों को बिरसा मुंडा जयंती और आजादी के अमृत महोत्सव की बधाई दी।

टीकाकरण का उदाहरण पेश किया

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज ने कोरोना के दोनों टीके लगवाकर पढ़े-लिखे समाज के सामने उत्तम उदाहरण प्रस्तुत किया है। देश को बचाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। उन्होंने मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के नरसिंहरुंडा ग्राम में शत-प्रतिशत कोरोना वैक्सीनेशन की सराहना की।

स्टेशन का नाम बदलने पर सीएम ने माना आभार

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवम्बर को पूरे भारत वर्ष में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में हर वर्ष मनाये जाने का निर्णय ऐतिहासिक है। भगवान बिरसा मुंडा का सम्मान समूची जनजाति का सम्मान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भोपाल में नव-निर्मित रेलवे स्टेशन का नाम जनजातीय रानी कमलापति के नाम पर किये जाकर उत्कृष्ट कार्य किया गया है। मैं प्रदेश की साढ़े 8 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।

जनजाति कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्वप्रथम कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान पहुँचकर जनजातीय गौरव प्रदर्शनी में चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित जनजातीय नायकों की गौरव गाथा और कलाकृतियों का अवलोकन किया। प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी के दूसरे हिस्से में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं और वन धन केन्द्रों के उत्पादों का भी अवलोकन किया और जनजातीय उद्यमिता को सराहा। प्रधानमंत्री ने वयोवृद्ध जन-प्रतिनिधि पूर्व मंत्री 103 वर्षीय लक्ष्मी नारायण गुप्ता से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने भेंट किया शहीदों की मिट्टी का अमृत कलश

महासम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के 23 जिलों के 75 जनजातीय रणबाँकुरे शहीदों के शहीद स्थलों की मिट्टी से पूरित अमृत कलश भेंट किया। वहीं भोपाल की गोंड रानी कमलापति की प्रतिमा की लघु प्रतिकृति भी भेंट की। प्रसिद्ध जनजातीय लोक चित्रकार पद्मश्री भूरीबाई एवं भज्जू सिंह ने अपनी चित्रकृति 'भाबरी' और 'छाँह'  मोदी को भेंट की।

परंपरागत तरीके से हुआ मोदी का स्वागत

महासम्मेलन के मंच पर पहुँचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनजातीय संस्कृति के अनुरूप परंपरागत स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री को तीर-धनुष भेंट किये। प्रधानमंत्री मोदी को धनसिंह भाबर एवं ओमप्रकाश धुर्वे ने परंपरागत जनजातीय जैकेट पहनाई। इसके पहले मोदी का जम्बूरी मैदान हैलीपेड पहुँचने पर जनजातीय परम्परा के अनुसार स्वागत किया गया। जनजातीय समुदाय के लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ पारम्परिक नृत्य की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राज्यपाल मंगुभाई पटेल को वन मंत्री विजय शाह ने बैगा माला व पगड़ी पहनाई। मुख्यमंत्री चौहान को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने बैगा माला एवं पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया। लगभग 425 लोक कलाकारों ने आकर्षक लय ताल के साथ जनजातीय करमा नृत्य प्रस्तुत किया। स्वागत भाषण जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह मांडवे ने दिया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि तथा किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिंया, खाद्य प्र-संस्करण तथा जल शक्ति प्रहलाद पटेल, सामाजिक न्याय तथा अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरूगन, मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह, किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल, राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य, सांसद एवं विधायक आदि उपस्थित थे।