BJP की नई राष्ट्रीय टीम में MP का दबदबा: गजेन्द्र पटेल महामंत्री, लाल सिंह आर्य उपाध्यक्ष; 4 नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश के 4 नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। गजेन्द्र पटेल महामंत्री, लाल सिंह आर्य उपाध्यक्ष, कविता पाटीदार मंत्री और वीडी शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है। जानिए चारों नेताओं का पूरा राजनीतिक सफर।

BJP की नई राष्ट्रीय टीम में MP का दबदबा: गजेन्द्र पटेल महामंत्री, लाल सिंह आर्य उपाध्यक्ष; 4 नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी

नितिन नबीन की नई टीम में मध्य प्रदेश के 4 बड़े चेहरे शामिल; कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री और वीडी शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की जिम्मेदारी, जानिए चारों नेताओं का पूरा राजनीतिक सफर

नई दिल्ली। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में मध्य प्रदेश की मजबूत मौजूदगी दिखाई दी है। प्रदेश से चार नेताओं को संगठन में अहम राष्ट्रीय जिम्मेदारियां मिली हैं।

गजेन्द्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री, लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री और विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है। यानी राष्ट्रीय संगठन की नई टीम में MP के चार चेहरे अलग-अलग महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

MP के 4 चेहरे, चार बड़ी जिम्मेदारियां

नई टीम में गजेन्द्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जाना मध्य प्रदेश के लिए सबसे बड़ी खबर मानी जा रही है। इसके अलावा लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है। यह जिम्मेदारी संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों के कामकाज और समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है।

इस तरह भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश के चार नेताओं को संगठन के अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारी देकर प्रदेश की भूमिका को खास महत्व दिया गया है।

गजेन्द्र पटेल को महामंत्री की जिम्मेदारी

गजेन्द्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने से MP के संगठनात्मक समीकरणों पर भी नजरें टिक गई हैं। राष्ट्रीय महामंत्री भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और पार्टी की रणनीति, संगठन विस्तार तथा राज्यों के साथ समन्वय में अहम जिम्मेदारी संभालते हैं।

नई टीम में पटेल को यह जिम्मेदारी मिलना मध्य प्रदेश के लिए बड़ा संगठनात्मक संदेश माना जा रहा है।

लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर वे पार्टी के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आर्य के साथ नई टीम में कई राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री

मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। इससे राष्ट्रीय संगठन में प्रदेश की महिला नेतृत्व की भी मजबूत मौजूदगी बनी है।

कविता पाटीदार के साथ कुल 16 नेताओं को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

विष्णु दत्त शर्मा की भी राष्ट्रीय भूमिका तय

पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक बनाया गया है। इस जिम्मेदारी के जरिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के समन्वय से जुड़े काम में भूमिका मिलेगी।

शर्मा के साथ बिहार से ऋतुराज सिन्हा, आंध्र प्रदेश से विष्णु वर्धन रेड्डी और महाराष्ट्र से पीयूष गोयल को भी प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा की नई टीम में 8 राष्ट्रीय महामंत्री

नई राष्ट्रीय टीम में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेन्द्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।

वहीं बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभालेंगे। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।

13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्धाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीन पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराज, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर को जिम्मेदारी दी गई है।

16 राष्ट्रीय मंत्री भी घोषित

राष्ट्रीय मंत्री के तौर पर कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, डॉ. भोला सिंह, डॉ. प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, डॉ. संदीप पाठक, फांगनोन कोन्याक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज तिवारी, सिद्धार्थ शंभू, डॉ. स्वदेश सिंह, मृणाल देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश को जिम्मेदारी मिली है।

किसान मोर्चा की कमान बंसीलाल गुर्जर के हाथ

भाजपा की नई केंद्रीय टीम में मध्य प्रदेश का संगठनात्मक प्रतिनिधित्व और मजबूत हुआ है। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर श्री बंसीलाल गुर्जर (मध्य प्रदेश) को जिम्मेदारी दी गई है। नई सूची के मुताबिक युवा मोर्चा—डॉ. हेमांग जोशी (गुजरात), महिला मोर्चा—रूप कुमारी चौधरी (छत्तीसगढ़), ओबीसी मोर्चा—अमरपाल मौर्य (उत्तर प्रदेश), किसान मोर्चा—बंसीलाल गुर्जर (मध्य प्रदेश), एससी मोर्चा—शिवेश कुमार राम (बिहार), एसटी मोर्चा—डॉ. मन्नालाल रावत (राजस्थान) और अल्पसंख्यक मोर्चा—कुंवर बासित अली (उत्तर प्रदेश) को जिम्मेदारी मिली है।

MP के लिए क्या मायने?

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्य प्रदेश से चार नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिलना प्रदेश संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। खास बात यह है कि MP के नेताओं को महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री और प्रकोष्ठ संकुल संयोजक जैसे अलग-अलग स्तरों पर जिम्मेदारी मिली है।

अब नजर इस बात पर रहेगी कि राष्ट्रीय संगठन में इन नेताओं की नई भूमिकाएं मध्य प्रदेश की राजनीति और संगठन के कामकाज पर कितना असर डालती हैं।

Expose Live Take

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में MP की हिस्सेदारी सिर्फ संख्या तक सीमित नहीं है। चार नेताओं को चार अलग-अलग अहम जिम्मेदारियां देकर पार्टी ने प्रदेश को राष्ट्रीय संगठन में मजबूत जगह दी है।

कौन हैं MP के ये 4 चेहरे?

गजेन्द्र पटेल | राष्ट्रीय महामंत्री

निमाड़ के प्रमुख आदिवासी चेहरों में गिने जाने वाले गजेन्द्र पटेल ने एबीवीपी से छात्र राजनीति शुरू की। वे मध्य प्रदेश भाजपा के एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और भाजपा एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री भी रह चुके हैं। 2019 में खरगोन-बड़वानी से पहली बार लोकसभा पहुंचे और दोबारा भी इसी सीट से सांसद चुने गए। आदिवासी वर्ग में पकड़ और संगठनात्मक अनुभव के चलते अब उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री की बड़ी जिम्मेदारी मिली है।

लाल सिंह आर्य | राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

भिंड की गोहद (एससी) सीट से राजनीति शुरू करने वाले लाल सिंह आर्य पहली बार 1998 में विधायक बने। वे 2003 और 2013 में भी गोहद से जीते। शिवराज सरकार में नर्मदा घाटी विकास, सामान्य प्रशासन और विमानन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे। भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली। अब लंबे राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के बाद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं।

कविता पाटीदार | राष्ट्रीय मंत्री

कविता पाटीदार ने स्थानीय निकाय की राजनीति से शुरुआत की और इंदौर जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं। इसके बाद भाजपा मध्य प्रदेश की प्रदेश महामंत्री बनीं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई। 2022 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजा। ओबीसी और महिला नेतृत्व के प्रमुख चेहरों में शामिल कविता पाटीदार को अब राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है।

विष्णु दत्त शर्मा (वीडी शर्मा) | प्रकोष्ठ संकुल संयोजक

वीडी शर्मा करीब 22 साल तक आरएसएस प्रचारक रहे और एबीवीपी में मध्य भारत व महाकौशल क्षेत्र में संगठन का काम संभाला। 2013 में भाजपा में सक्रिय राजनीति में आए और 2016-20 तक प्रदेश महामंत्री रहे। 2019 में खजुराहो से सांसद बने। 2020 में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। उनके कार्यकाल में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 163 सीटें जीतीं और लोकसभा में MP की सभी 29 सीटों पर जीत दर्ज की। अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है।

बंशीलाल गुर्जर | किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

मंदसौर के भुक्खी गांव से आने वाले बंशीलाल गुर्जर मालवा-निमाड़ के प्रमुख किसान नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने भाजपा के मंदसौर जिला अध्यक्ष से लेकर प्रदेश महामंत्री तक संगठन में जिम्मेदारियां संभालीं। लंबे समय तक भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष रहे और मंदसौर कृषि उपज मंडी के 15 साल अध्यक्ष रहे। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया और कई राज्यों के चुनावों में संगठन की जिम्मेदारी संभाली। 2024 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद बने। अब नितिन नबीन की नई टीम में उनके लंबे किसान और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।