सभी शहरवासियों से महापौर की अपील, इस दिपावली करे कुछ ऐसा

देश का रुपया देश मे ही रहे इस ओर हमे ध्यान देने की जरूरत ओर इसके लिए हमे इस दीपावली अपने आसपास के लोगो से ही सामान खरीदना होगा।

सभी शहरवासियों से महापौर की अपील, इस दिपावली करे कुछ ऐसा

द एक्सपोज़ लाइव न्यूज़ नेटवर्क

दीपावली आते ही हम लोग खरीदारी करने में मशगुल हो जाते है और आज कल ऑनलाइन के जमाने मे हम लोग अपने आसपास के लोगो से खरीदी करने के बजाय ऑनलाइन खरीदारी करने पर ज्यादा ध्यान देने लगे है। ऐसे में इन फुटकर व्यापरियों का क्या होगा ये भूल जाते है, इसी कडी में शहर के महापौर द्वारा शहरवासियों से एक अपील की गई।

क्या कहा महापौर पुष्पमित्र भार्गव

आप सभी इंदौरवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। इस वर्ष मैं आपसे स्वदेशी दीपावली मनाने का निवेदन कर रहा हूँ। एक ऐसी स्वदेशी दीपावली जो हमें स्वदेशी उत्पाद लेने को प्रेरित करेगी। चाहे दीपक हो या कोई उपहार की वस्तु हो या फिर सजावट का कोई सामान हो, हमारा लक्ष्य देशी उत्पादों को खरीदने का ही होना चाहिये ताकि हमारे साथ-साथ ये विक्रेता भी आनंदपूर्वक दीपावली मना सकें। 

इस स्वदेशी दीपावली पर हमें विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार एवं स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने की नई परम्परा की शुरुआत करना है ताकि हमारी अर्थव्यवस्था में हम बढ़ चढ़कर योगदान कर सकें। हमें इस ओर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि देश का रुपया देश में ही रह सके। 

दीपावली की खरीदारी बड़े प्रतिष्ठानों के साथ ही छोटे दुकानदारों तथा ठेले वाले भाई बहनों से अवश्य करें, क्योंकि वो कमाने के लिए नही बल्कि अपनी जीविकोपार्जन के लिए बैठे हैं। इसके साथ ही यदि हमारे आसपास ऐसे कोई जरूरतमंद लोग हैं, तो हमें उनका भी विशेष ध्यान रखना है ताकि ये भाईबन्धु भी आनंदपूर्वक दीपावली पर्व मना सकें।

दीपावली पर्व रंगोली के बिना अपूर्ण है, इस दीपावली केमिकल रंगो के बजाय फूलों वाली तथा हर्बल रंगो की रंगोली को स्थान देना है। घरों तथा प्रतिष्ठानों की सजावट हेतु स्वदेशी एवं घरेलू उत्पादों के उपयोग पर जोर देना है। आर्टिफिशियल लाइट्स के स्थान पर स्वदेशी दीपकों का उपयोग करना कहीं अधिक श्रेयस्कर सिद्ध होगा। 

दीपावली पर्व पर प्लास्टिक/सिंथेटिक उत्पादों का उपयोग ना करते हुए बायो-डिग्रेडेबल या आर्गेनिक उत्पादों का उपयोग करने से जहाँ एक और हमारी अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा वहीं पर्यावरण संरक्षण हेतु भी एक जागरूक और सार्थक प्रयास सिद्ध होगा।

आशा करता हूँ कि आप सभी का सहयोग मुझे उपरोक्त वर्णित विषयों पर अवश्य मिलेगा, ताकि हम और हमारे साथ-साथ अन्य जरुरतमन्द लोग भी आनंद के साथ दीपोत्सव मना सके, पुनः आप सभी को दीपावली महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। महालक्ष्मी माता एवं भगवान श्री गणेश जी का आशीर्वाद आप सभी पर सदा बना रहे एवं दीपोत्सव का पर्व आप सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लाए।