इंदौर में फूंका गया कंगना रनौत का पुतला

आजादी को भीख में मिली बताने वाली फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत का विरोध देशभर में जारी है। इंदौर में भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के लोगों ने कंगना को फांसी पर लटकाने की मांग के साथ उनका पुतला फूंका।

इंदौर में फूंका गया कंगना रनौत का पुतला
kangna ranaut statement

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठने की कंगना को फांसी देने की मांग

देश को मिली आजादी को भीख में बताने के बयान का विरोध तेज

द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, इंदौर। Indore News.

पद्मश्री का सम्मान मिलने के बाद एक टॉक शो के दौरान कंगना ने 1947 में मिली आजादी को भीख में मिली और असली आजादी 2014 के बाद मिलना बताया। इसके बाद से ही उनके बयान को लेकर बवाल मचा हुआ है। इंदौर में तो अब स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कंगना रनौत के खिलाफ सड़कों पर उतर गए हैं। इंदौर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन ने कंगना का पुतला दहन किया।

पुतला दहन करने के बाद सभी संभागायुक्त कार्यालय पर पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर कंगना रनौत को दिए गए पद्मश्री सम्मान सहित अन्य राष्ट्रीय अवार्ड वापस लेने की मांग की। साथ ही कंगना रनौत को फांसी दिए जाने की मांग भी की।

शहीदों का अपमान किया कंगना ने

विरोध प्रदर्शन कर रहे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अजय सितलानी ने कहा कि कंगना रनौत ने देश की स्वतंत्रता को लेकर जो टिप्पणी की है वह निंदनीय है। जबकि हमारे देश को आजाद कराने के लिए कई महापुरुषों ने अपना बलिदान दिया है और देश की माटी के लिए अपना खून बहाया है। यह उन सभी शहीदों का अपमान है।

कंगना के खिलाफ तेज होगा आंदोलन

वहीं अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मदन परमालिया ने इसे देशद्रोह की संज्ञा देते हुए कहा कि अभिनेत्री को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि ये देश, स्वाधीनता संग्राम सेनानी, शहीदों, वीरों का अपमान है।  

परमालिया ने आगे कहा कि अभिनेत्री एक संकीर्ण सोच को आगे बढ़ा कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और हजारों सेनानियों के संघर्ष का अपमान कर रही है। उनका संगठन सरकार से मांग कर रहा है कि कंगना को दी गयी पद्मश्री वापस ली जाए अन्यथा देश भर में स्वतंत्रता संग्राम सैनानी एवं उत्तराधिकारी आंदोलन करेंगे।