इंदौर में 17 जून को निकलेगी ‘प्रताप पराक्रम यात्रा’
माँ करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर धर्मेंद्र सिंह गौतम ने समाज के लोगों, युवाओं और विभिन्न संगठनों से यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रताप पराक्रम यात्रा का उद्देश्य देश के महान वीरों महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के शौर्य, संघर्ष और बलिदान को याद करना तथा नई पीढ़ी को उनके जीवन से परिचित कराना है।
महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल जयंती पर मेरियट से छत्रसाल चौराहे तक होगी वाहन रैली
मां करणी सेना का भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की तैयारी
एक्सपोज लाइव, इंदौर।
महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल बुंदेला की जयंती के अवसर पर 17 जून को इंदौर में ‘प्रताप पराक्रम यात्रा’ निकाली जाएगी। माँ करणी सेना के तत्वावधान में आयोजित इस वाहन रैली की शुरुआत सुबह 10 बजे होटल मेरियट से होगी, जबकि समापन महाराजा छत्रसाल चौराहे पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यात्रा में बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल होंगे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए महाराजा छत्रसाल चौराहे पहुंचेगी, जहां महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
आयोजन समिति के मुताबिक कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाकर लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर स्वागत की भी व्यवस्था की जा सकती है।
महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास में वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक माने जाते हैं, जबकि महाराजा छत्रसाल ने बुंदेलखंड में अपने साहस और नेतृत्व से अलग पहचान बनाई थी। इसी वजह से दोनों महापुरुषों की जयंती पर आयोजित होने वाली प्रताप पराक्रम यात्रा को समाज के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।
माँ करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर धर्मेंद्र सिंह गौतम ने समाज के लोगों, युवाओं और विभिन्न संगठनों से यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रताप पराक्रम यात्रा का उद्देश्य देश के महान वीरों महाराणा प्रताप और महाराजा छत्रसाल के शौर्य, संघर्ष और बलिदान को याद करना तथा नई पीढ़ी को उनके जीवन से परिचित कराना है।
कार्यक्रम एक नजर में
क्या: प्रताप पराक्रम यात्रा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम
कब: 17 जून, सुबह 10 बजे
कहां से: होटल मेरियट, इंदौर
कहां तक: महाराजा छत्रसाल चौराहा
आयोजक: माँ करणी सेना