न्यू ईयर नाइट पर इंदौर में ‘नो माफी’ मोड! जश्न नहीं, नियम बोलेंगे
न्यू ईयर पार्टी की रात इंदौर में हर साल शराब की खपत, देर रात तक पार्टियां और नियम उल्लंघन के मामले बढ़ जाते हैं। इसी वजह से प्रशासन इस दिन विशेष सतर्कता बरतता है। इस बार 31 दिसंबर को आबकारी विभाग ने ‘नो ढील’ नीति अपनाई है—तय समय के बाद शराब परोसना, अवैध बिक्री या नियम तोड़ने पर तुरंत कार्रवाई होगी। शहरभर में टीमें तैनात रहेंगी और लाइव निगरानी के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
आबकारी की टीमें सड़कों पर उतरेंगी, लाइव कैमरों से निगरानी, समय से एक मिनट भी ज्यादा शराब परोसी तो लाइसेंस पर गिरेगी गाज
द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, इंदौर
नए साल के जश्न को सुरक्षित, व्यवस्थित और नियमों के दायरे में रखने के लिए इंदौर जिला प्रशासन और आबकारी विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 31 दिसंबर को शहर में बड़ी संख्या में लोग न्यू ईयर सेलिब्रेशन मनाते हैं, इसे देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर आबकारी विभाग ने विशेष कार्ययोजना लागू की है।
चार टीमों के जरिए पूरे शहर पर नजर
आबकारी विभाग ने शहर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटते हुए चार टीमें गठित की हैं—
- पहली टीम: शिप्रा से राऊ तक पूरे बायपास क्षेत्र में तैनात रहेगी। यह टीम सभी बीयर बार, लाइसेंसी दुकानों और ढाबों पर नजर रखेगी।
- दूसरी टीम: विजय नगर चौराहे से बायपास क्षेत्र तक सक्रिय रहेगी, जहां अवैध मदिरा विक्रय, परोसने या पिलाने की आशंका रहती है।
- तीसरी टीम: शहर के अन्य संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करेगी।
- चौथी टीम: रिजर्व में रहेगी, ताकि किसी भी स्थान से शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
तय समय के बाद शराब परोसना प्रतिबंधित
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन प्रतिष्ठानों को शराब परोसने का लाइसेंस दिया गया है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही शराब परोस सकेंगे। समय समाप्त होने के बाद शराब परोसना या बिक्री करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। ऐसी स्थिति में संबंधित लाइसेंसधारी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
लाइव कैमरों से हो रही निगरानी
आबकारी नियंत्रण कक्ष से शहर के सभी FL-2 और FL-3 लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों को लाइव कैमरों के जरिए जोड़ा गया है। जहां-जहां न्यू ईयर पार्टी या आयोजन हो रहे हैं, वहां की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग ने संचालकों को यह भी समझाया है कि कौन-कौन से कानून लागू हैं और उनका पालन क्यों जरूरी है, ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो।
शिकायत पर तुरंत कार्रवाई
आबकारी विभाग ने साफ किया है कि अगर कहीं से भी अवैध शराब बिक्री, तय समय के बाद परोसने, या नियम उल्लंघन की शिकायत मिलती है, तो मौके पर मौजूद टीमों द्वारा तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का जश्न जिम्मेदारी से मनाएं, नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि इंदौर में नया साल सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।
सात दिनों से जारी है सख्त हिदायत
पिछले सात दिनों से सभी बीयर बार, क्लब और लाइसेंसधारियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं कि वे नियमों का पालन करें। विभाग का कहना है कि नए साल की रात किसी भी तरह की लापरवाही या कानून तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी के साथ ढाबों पर अवैध शराब परोसने वालों पर भी लगातार कार्रवाई जारी है। इस कड़ी में दीप श्री ढाबा स्थान सिलिकॉन सिटी, महाराजा ढाबा राऊ बायपास, भुक्कड़ ढाबा, गिल ढाबा, न्यू सिटिंग ज़ोन, शिकारवाड़ी, लालटेन एवं जय माँ भवानी ढाबा , कैंडलास रेस्टोरेंट पर कार्रवाई की गई है।
जीरो टॉलरेंस रहेगा
31 दिसंबर को नियमों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस रहेगा। तय समय के बाद शराब परोसने, अवैध बिक्री या पिलाने की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सभी टीमें फील्ड में तैनात हैं और कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
- मनोज अग्रवाल, डिप्टी कंट्रोलर आबकारी विभाग