इंदौर में 6 नवंबर को होगा राष्ट्र भावना का सोशल समागम

6 नवंबर को इंदौर सोशल मीडिया कॉन्क्लेव, देअविवि के तक्षशिला परिसर के मुख्य सभागार में आयोजित हो रहा है। इसके लिए सोशल मीडिया इत्यादि के माध्यम से बहुत ही सकारात्मक वातावरण बन गया है। पंजीयन लिंक खुलते ही बड़ी संख्या में पंजीयन हुए थे, जो पंजीयन लिंक बंद होने तक बहुत तेज़ी से चलते रहे।

इंदौर में 6 नवंबर को होगा राष्ट्र भावना का सोशल समागम
Indore Social Media Conclave

देश की कई नामचीन हस्तियां लेंगी हिस्सा, देशभर से आए हजारों पंजीयन

सोशल मीडिया कॉन्क्लेव के लिए उत्साह ने कार्यक्रम की सफलता पर लगाई मोहर

द एक्सपोज लाइव न्यूज नेटवर्क, इंदौर। Indore News.

कार्यक्रम के विषय में प्रत्येक वर्ग में, विशेषकर युवाओं में अधिक उत्साह है। यह बात पंजीयन में आयुवर्ग को देखते हुए और सहायता डेस्क पर लगातार आ रहे फोन कॉल्स से पता चल रहा है। उपरोक्त बातें सोशल मीडिया कॉन्क्लेव के संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में विश्व संवाद केंद्र मालवा के अध्यक्ष दिनेशजी गुप्ता तथा सचिव प्रणव पैठणकर जी ने कही।

वक्ताद्वय ने बताया कि कॉन्क्लेव में देश के पांच प्रमुख ऐसे नाम आ रहे है, जिनकी सोशल मीडिया पर अपनी पहचान है। वक्ता अलग-अलग विषयों पर सत्र लेंगे। सत्र रोचक और ज्ञानवर्धक होंगे। देशभर से इस कार्यक्रम में चुनकर आने वाले प्रतिभागियों से वे मुक्त संवाद भी करेंगे। इन पांच प्रमुख वक्ताओं के अलावा भी अपने-अपने क्षेत्र में प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सेलिब्रिटी और एक्टिविस्ट आयेंगे।

ये वक्ता आएंगे

कुल मिलाकर इंदौर सोशल मीडिया कॉन्क्लेव एक ऐसा मंच साबित होने वाला है, जो सोशल मीडिया पर सक्रिय सभी लोगो को एक साथ लाएगा, उन्हें मंच देगा। कार्यक्रम के बारें में आगे जानकारी देते हुए प्रणव पैठणकरजी ने बताया कि

  • पहले वक्ता टाइम्स नाउ नवभारत समूह के सुशांत सिन्हा है, सुशांत सिन्हा टीवी और सोशल मीडिया दोनों पर प्रसिद्ध है, टाइम्स नाउ नवभारत पर न्यूज़ की पाठशाला नाम से इनका कार्यक्रम आता है।
  • दूसरी वक्ता हैं ऋचा अनिरुद्ध। इनने साक्षात्कारो का एक बड़ा शानदार कार्यक्रम जिंदगी लाइव शुरू किया था, जो आज नए कलेवर के साथ जिंदगी विथ ऋचा के रूप में और अधिक प्रसिद्ध है। ऋचा अपने सोशल मीडिया, विशेषकर ट्विटर पर सामाजिक मुद्दों पर तथ्ययुक्त और बेबाक लिखती हैं।
  • तीसरे वक्ता है मेजर सुरेंद्र पूनिया। सुरेंद्र पूनिया राष्ट्रपति की सुरक्षा अधिकारियों में प्रमुख की भूमिका में रहे हैं। वे एक एथलीट भी हैं। रक्षा और विदेश मामलों पर मेजर सुरेंद्र पूनिया टीवी से लेकर ट्विटर तक तथ्य सबके सामने रखते हैं। सुरेंद्र पूनिया अपने ज्ञान, तर्कों, तथ्यों से भारत तथा भारत की सेना के विरुद्ध दुष्प्रचार को रोकते हैं।
  • चौथे हैं, डॉक्टर गौरव प्रधान। गौरव प्रधान एक डाटा एनालिटिक हैं। डॉक्टर प्रधान ने कई बार भारत विरोधी तत्वों को अपने अकाट्य तर्कों से एक्सपोज किया है।
  • पांचवी हैं, पीनाज त्यागी। पीनाज त्यागी ने कई टीवी चैनलों जैसे आज तक, जी न्यूज और लाइव हिंदुस्तान पर कार्य किया है। पीनाज अभी न्यूज नेशन पर सीनियर एडिटर हैं।

सोशल मीडिया पर करें फॉलो

वक्ताद्वय ने आगे बताया कि सोशल मीडिया कॉन्क्लेव के लिए पंजीयन लिंक जारी की गई थी जिसके माध्यम से हजारों पंजीयन हुए थे। चयनित पंजीकृतों को प्रतिभाग करने के लिए E-Pass  भेजे जा रहे हैं। अध्यक्ष व सचिव ने आग्रह किया कि इंदौर सोशल मीडिया कॉन्क्लेव की सभी तरह की अपडेट्स विश्व संवाद केंद्र मालवा तथा इंदौर सोशल मीडिया कॉन्क्लेव के सोशल मीडिया हैंडल्स पर निरंतर आ रही है। सभी को फॉलो करना चाहिए।